हल्द्वानी
हल्द्वानी में उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास 29 अगस्त को, CM धामी करेंगे शुभारंभ
हल्द्वानी के गौलापार में 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास होगा। CM पुष्कर सिंह धामी करेंगे शुभारंभ। पढ़ें पूरी खबर।
हल्द्वानी। गौलापार में राज्य के पहले खेल विश्वविद्यालय के शुभारंभ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आगामी 29 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, खेल मंत्री रेखा आर्य और नैनीताल सांसद अजय भट्ट इसके प्रथम चरण के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र की औपचारिक शुरुआत भी की जाएगी।
कार्यक्रम की भव्यता को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक टीम और खेल विभाग तैयारियों में पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से स्थलीय निरीक्षण किया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसडीएम मोनिका आर्य ने खेल विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा, बैठक और मंच व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
गौलापार में इस राज्य स्तरीय खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। इस संस्थान के माध्यम से प्रदेशभर की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आधुनिक प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और विश्वस्तरीय खेल शिक्षा मिलेगी। इससे राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन कर सकेंगे।
विशेष बात यह है कि खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती यानी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हो रहा है। इस पावन और प्रेरणादायी दिन पर विश्वविद्यालय की शुरुआत होने से स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन स्थल पर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
