हल्द्वानी के वर्कशॉप लाइन के पास दो युवकों में खूनी झड़प। सिर फूटने पर भड़के युवक ने दूसरे को बीच सड़क अर्धनग्न कर पीटा। देखें वायरल वीडियो की खबर।
हल्द्वानी। कोतवाली क्षेत्र स्थित वर्कशॉप लाइन के पास से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। बुधवार शाम दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर लिया। दोनों के बीच सड़क पर ही गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई, जिससे वहां मौजूद राहगीरों और लड़कियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटनाक्रम के अनुसार, बहस के दौरान स्थानीय बताए जा रहे एक युवक ने दूसरे युवक के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में यात्री बताए जा रहे दूसरे युवक का सिर फूट गया और उससे तेजी से खून बहने लगा। अपना फटा सिर और खून बहता देख घायल युवक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने दूसरे पर जवाबी हमला कर दिया।
घायल युवक ने हिम्मत न हारते हुए आरोपी को घसीटकर बीच सड़क पर पटक दिया। उसने गुस्से में उसके कपड़े खींचकर उसे अर्धनग्न कर दिया और लगातार थप्पड़ तथा मुक्के बरसाता रहा। इस दौरान आसपास जमा भीड़ बीच-बचाव करने के बजाय तमाशबीन बनी रही और अपने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड करती नजर आई।
वायरल वीडियो में लोग यह कहते सुने जा सकते हैं कि “आज तो यह मर जाएगा” और “ये दोनों एक घंटे पहले भी लड़ाई कर रहे थे।” कुछ लोगों ने चिल्लाकर उसे रोकने की कोशिश भी की कि “दीपू भाई मत कर, फंस जाएगा,” लेकिन गुस्साया युवक लगातार दूसरे की पिटाई करता रहा। इस पूरे घटनाक्रम ने सड़क सुरक्षा और स्थानीय कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि इस मामले में किसी भी पक्ष ने कोतवाली में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। फिर भी सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हल्द्वानी पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस प्रशासन वायरल वीडियो के आधार पर दोनों युवकों की पहचान में जुट गया है और मामले की जांच की जा रही है।
