महाराष्ट्र और उत्तराखण्ड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 268 ग्राम स्मैक मामले का वांछित आरोपी फैजान हरिद्वार से गिरफ्तार। पढ़ें पूरी खबर।
देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस ने मिलकर एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया है। इस संयुक्त कार्रवाई में महाराष्ट्र के एनडीपीएस (NDPS) मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त फैजान को हरिद्वार से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ महाराष्ट्र के थाना आनचोले में 268 ग्राम स्मैक बरामदगी के तहत मुकदमा दर्ज था।
24 वर्षीय अभियुक्त फैजान पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। महाराष्ट्र पुलिस ने अभियुक्त की तलाश और गिरफ्तारी के लिए उत्तराखण्ड एसटीएफ से संपर्क साधा था। इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस टीमों ने आपसी समन्वय स्थापित कर संदिग्ध ठिकानों की निगरानी शुरू की।
तकनीकी सर्विलांस और सटीक इनपुट के आधार पर एसटीएफ ने अभियुक्त की लोकेशन हरिद्वार के थाना गंगनहर क्षेत्र में चिन्हित की। सूचना पुख्ता होते ही संयुक्त टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए फैजान को उसके ठिकाने से दबोच लिया। आरोपी काफी समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।
इस सफल ऑपरेशन में एसटीएफ निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल संजय, विरेन्द्र नौटियाल और कांस्टेबल प्रदीप के साथ महाराष्ट्र एंटी नारकोटिक्स टीम की मुख्य भूमिका रही। गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है।
