नरेंद्रनगर कुंजापुरी मेले में गायक दलेर मेहंदी के लाइव के बजाय लिप-सिंक करने पर भारी हंगामा हुआ। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर पहुंचकर जताई कड़ी आपत्ति।
नरेंद्रनगर। प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या उस समय अखाड़े में बदल गई, जब बॉलीवुड के मशहूर गायक दलेर मेहंदी के कार्यक्रम के दौरान लिप-सिंक (होंठ हिलाने) को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। लाइव सिंगिंग के बजाय रिकॉर्डेड आवाज पर प्रस्तुति दिए जाने से नाराज दर्शकों ने पंडाल में हंगामा शुरू कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मेले में मुख्य आकर्षण के रूप में प्रसिद्ध गायिका सुनंदा शर्मा को आना था, लेकिन खराब स्वास्थ्य के कारण उनका कार्यक्रम अंतिम समय में रद्द करना पड़ा। इसके बाद मेला समिति ने दो दिन पहले ही गायक दलेर मेहंदी को आमंत्रित किया था। रविवार रात जब दलेर मेहंदी मंच पर पहुंचे और उन्होंने एक-दो गाने गाए, तो इसके बाद मंच के पीछे से किसी अन्य रिकॉर्डेड आवाज पर उनके द्वारा लिप-सिंक करने का मामला सामने आया।
दर्शकों का गुस्सा भड़क उठा और पंडाल में शोर-शराबा होने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अतिथि एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल खुद मंच पर पहुंच गए। मंत्री ने दलेर मेहंदी की इस हरकत पर कड़ी आपत्ति जताई और उन्हें खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि जनता उन्हें लाइव सुनने आई है न कि डबिंग देखने, जब वह बोल नहीं पा रहे हैं तो गाएंगे क्या। उन्होंने इसे देवभूमि के दर्शकों की भावनाओं का अपमान करार दिया।
मंत्री की इस नाराजगी के बाद मंच पर कुछ देर के लिए तनाव और सन्नाटा पसर गया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस-प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और नाराज दर्शकों को शांत कराया। कार्यक्रम के बाद दलेर मेहंदी ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और देवभूमि की जनता के प्रति सम्मान के कारण वह मंच पर आए थे। बाद में व्यवस्थाएं सुधरने पर कार्यक्रम दोबारा सामान्य रूप से चला।