हल्द्वानी
लालकुआं पुलिस का बड़ा खुलासा: बंद मकान में चोरी करने वाला आरोपी चढ़ा चढ़े हत्थे
लालकुआं पुलिस ने हल्दूचौड़ के बंद मकान में हुई चोरी का खुलासा कर आरोपी यासीन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गहने और नकदी बरामद की है।
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में लालकुआं थाना पुलिस ने हल्दूचौड़ में एक बंद मकान में हुई चोरी का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अपने फरार साथी के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार, यह मामला हल्दूचौड़ के अंबिकापुरम क्षेत्र का है। यहां रहने वाली कलावती भट्ट इलाज के सिलसिले में बेंगलुरु गई हुई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके बंद घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दिए थे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने जयपुरबीसा क्षेत्र से आरोपी यासीन (35) को गिरफ्तार कर लिया। यासीन ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से सोने-चांदी के आभूषण और चोरी के जेवर बेचने से मिले 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसका साथी आबिद दिन में पेंटर का काम ढूंढने के बहाने बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में ताला तोड़कर चोरी करते थे। आरोपी का साथी आबिद फिलहाल फरार है, जिस पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस टीम अब फरार आरोपी आबिद की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
