Report by : CWN Desk
Published at :
धामी सरकार का बड़ा ऐलान: मजबूत एम-पैक्स से बनेगा समृद्ध उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर में आयोजित द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग का वर्चुअल शुभारंभ किया। जानें कैसे मजबूत होंगे राज्य के गांव।

उधमसिंह नगर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार को उनकी जयंती पर नमन करते हुए कहा कि सहकारिता को सशक्त बनाकर ही राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को वास्तविक मजबूती प्रदान की जा सकती है।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि कुशल नेतृत्व से एम-पैक्स (M-PACS) मजबूत होंगे, जिससे गांवों का सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में पलायन रोकने, स्थानीय कृषि को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने में सहकारिता एक प्रभावी माध्यम साबित हो रही है। राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य ‘सहकार से समृद्धि’ के मंत्र को धरातल पर उतारना है।
समारोह के दौरान सहकार ग्रंथ के लोकार्पण, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ की पहल और युवाओं को जोड़ने के लिए सोशल मीडिया रील्स अभियान जैसी कई नई योजनाओं की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही एम-पैक्स को और अधिक सक्षम बनाने के लिए नए पाठ्यक्रम और नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण वर्ग में भाग ले रहे प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे सहकारिता की भावना को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा, तभी समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड का सपना पूरा होगा। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और विश्वविद्यालय के कुलपति सहित कई प्रमुख अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›