Report by : CWN Desk
Published at :
अल्मोड़ा के बसई में तुलसी हत्याकांड का आरोपी राजे सिंह गिरफ्तार, सिमलचौरा में छिपा था

अल्मोड़ा के बसई गांव में बुजुर्ग महिला तुलसी देवी की हत्या करने वाला आरोपी राजे सिंह गिरफ्तार। पुलिस ने आरोपी को सिमलचौरा के जंगलों से पकड़ा।

अल्मोड़ा। जिले के बसई गांव के रतखेत तोक में हुई तुलसी देवी की निर्मम हत्या का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हुए पड़ोसी 62 वर्षीय राजे सिंह उर्फ राजाबाबू को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया।
यह दर्दनाक घटना बिचला चौकोट पट्टी में शनिवार सुबह घटी, जब 66 वर्षीय तुलसी देवी का उनके पड़ोसी राजे सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बहस और गालीगलौज के दौरान आरोपी ने आपा खो दिया और महिला के सिर पर दाव (दतोइया) से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई तुलसी देवी की 95 वर्षीय बुजुर्ग मां धनुली देवी के साथ भी मारपीट का आरोप है। मृतका के भाई ने बरेली में रह रहे अपने दूसरे भाई को सूचना दी, जिसके बाद 112 डायल कर पुलिस को सूचित किया गया।
देघाट थानाध्यक्ष अजेंद्र प्रसाद की अगुवाई में पहुंची पुलिस टीम ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की और गांव से कुछ दूरी पर स्थित सिमलचौरा क्षेत्र में छिपे आरोपी राजे सिंह को ढूंढ निकाला।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›