Report by : दानसिंह लोधियाल
Published at :
धारी विकासखंड में तीन शिक्षकों को दी गई भावपूर्ण विदाई


शिक्षक संगठन ने किया सम्मान समारोह आयोजित

धारी(नैनीताल)। विकासखंड धारी के बीआरसी सभागार धानाचूली में उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संगठन शाखा धारी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में सेवा निवृत्त हो रहे तीन शिक्षकों में घनश्याम वर्मा, शांति बोरा एवं सुश्री रीता को भावभीनी विदाई दी गई।

सोमवार को बीआरसी सभागार धानाचूली में आयोजित कार्यक्रम का संचालन शिक्षक संगठन के अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने किया। इस मौके पर उप शिक्षा अधिकारी शुभम वर्मा, मुख्य अतिथि डॉ. दीपक मेलकानी निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य, दीनी तल्ली एवं पर्यावरण प्रेमी/पूर्व सरपंच हंसा लोधियाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह से पूर्व शिक्षक संघ की कार्यकारिणी की एक आवश्यक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें निर्वाचित सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में विकासखंड में शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि डॉ. मेलकानी ने अपने विचार साझा करते हुए शिक्षा के सामाजिक महत्व को रेखांकित किया। उप शिक्षा अधिकारी शुभम वर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए बेहतर शिक्षा प्रणाली की दिशा में सतत प्रयास करने पर जोर दिया।
विदाई के इस भावुक अवसर पर तीनों सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में मंत्री प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष रवि शंकर, हेमचंद्र, पूनम जोशी, प्रकाश चंद्र, गीतांजलि गोस्वामी, इंदिरा बिष्ट, श्रीधर भट्ट, भुवन गुणवन्त सहित दर्जनों शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को दीर्घायु एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›