जल -जंगल -जमीन
धानाचूली में आरोही संस्था ने वितरित कीं एक हजार लीटर की जल टंकियां
आईडीबीआई परियोजना के तहत लाभार्थियों से अंशदान लेकर किया गया वितरण
जल संरक्षण के प्रति किया जागरूक
धानाचूली। आईडीबीआई परियोजना के अंतर्गत विकासखंड धारी के धानाचूली क्षेत्र में आरोही संस्था की ओर से ग्रामीण परिवारों को एक हजार लीटर क्षमता वाली जल टंकियों का वितरण किया गया। लाभार्थियों से निर्धारित अंशदान जमा कराने के बाद टंकियां उपलब्ध कराई गईं। पहल का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को वर्षा एवं उपलब्ध जल स्रोतों से प्राप्त पानी का सुरक्षित संग्रहण करने तथा आवश्यकता के समय उसका उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
आरोही संस्था के प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह बिष्ट और विनय दसैला ने ग्रामीणों को जल संरक्षण, पानी के उचित उपयोग, स्वच्छता तथा वर्षा जल संग्रहण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्मी सहित अन्य मौसमों में जलस्रोतों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए पानी का संरक्षण और उसका विवेकपूर्ण उपयोग बेहद आवश्यक है। जल टंकियों के माध्यम से घरों में पानी का भंडारण करने के साथ ही जरूरत के अनुसार सिंचाई में भी इसका उपयोग किया जा सकता है।
संस्था प्रतिनिधियों ने बताया कि आरोही संस्था ग्रामीण समुदायों के साथ मिलकर जल संरक्षण के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उनके बेहतर उपयोग के लिए समुदाय की भागीदारी को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान हंसा लोधियाल एवं ग्रामीणों ने संस्था के प्रतिनिधियों के समक्ष भविष्य में भी जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, कृषि एवं आजीविका से संबंधित प्रशिक्षण और सहयोग उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने जल टंकियों के वितरण को ग्रामीण परिवारों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए संस्था का आभार जताया। कार्यक्रम में जल टंकी के कई लाभार्थियों सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
फ़ोटो। धानाचूली में आरोही संस्था द्वारा जल टंकी वितरण को दौरान लाभार्थी।
