Report by : कालू वर्मा
Published at :
आरोपी की पुलिस कस्टडी में मौत, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश

चोरी के आरोपी से माल बरामदगी के लिए लेकर गई थी दिल्ली

हरिद्वार। हरिद्वार के बहादराबाद थाने के चोरी के आरोपी की पुलिस कस्टडी में मौत की खबर समाने आई है। चोरी का आरोपी पूर्व विधायक का नौकर बताया जा रहा है। चोरी के आरोप में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। बहादराबाद पुलिस की एक टीम आरोपी को दिल्ली माल बरामदगी के लिए ले गई थी। जहां बताया जा रहा है कि वो छत से कूद गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना गुरुवार की है, लेकिन पुलिस ने इस सार्वजनिक नहीं किया। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी अजय सिंह ने इस मामले में एसपी सिटी को जांच करने के आदेश दिये है। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आरोपी अंकित निवासी बिजनौर का रहने वाला है। पूर्व विधायक का नौकर है। चोरी के आरोप में पुलिस आरोपी को दिल्ली लेकर गई थी। जहां न्यू अशोक नगर में वो पुलिस की कस्टडी से भागकर छत से नीचे कूद गया। नीचे वह स्विफ्ट डिजायर कार पर जा गिरा। आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। घटना के वक्त दिल्ली पुलिस की टीम भी साथ होना बताई जा रही है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि आठ माह पहले मैंने इसे नौकरी से निकाल दिया था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›