Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल में तनाव: किशोरी से दुष्कर्म के बाद तोड़फोड़ और पथराव, आरोपी हिरासत में

नैनीताल: शहर में नाबालिग के साथ हुई दुष्कर्म की घटना के बाद उपजे आक्रोश के बीच हुए उपद्रव और हिंसा को लेकर मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने 25 से 30 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सड़क जाम करने, सीसीटीवी कैमरे और दुकानों में तोड़फोड़ करने एवं आम लोगों के साथ मारपीट करने के आरोपों के आधार पर यह कार्रवाई की है।

कोतवाल हेम पंत की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 115(2), 126(2), 324(2) और 191(2) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। कोतवाल ने बताया कि घटना के दौरान भारी संख्या में भीड़ ने सड़क पर जाम लगाया और कई स्थानों पर तोड़फोड़ की। इसके अलावा कुछ दुकानदारों के साथ मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं।

पुलिस अब घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो क्लिप के माध्यम से आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मामले की गहन विवेचना की जाएगी और उपद्रव में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरी नाराजगी बनी हुई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›