Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरीश-हरक और सजवाण के बाद महारा का नाम भी हरिद्वार से लोकसभा से दावेदारी में जुड़ा

कांग्रेस के कई पदाधिकारियों ने खुलकर लोकसभा कोऑर्डिनेटर गणेश गोदियाल के सामने रखे चारों नेताओं के नाम
हरिद्वार। कांग्रेस में हरिद्वार लोकसभा सीट पर दावेदारी बढ़ती जा रही है। हरीश रावत, हरक सिंह रावत और शूरवीर सजवाण के बाद अब इसमें नया नाम प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का भी जुड़ गया है। लोकसभा चुनाव को लेकर हुई बैठक में कांग्रेस के कई पदाधिकारियों ने खुलकर लोकसभा कोऑर्डिनेटर गणेश गोदियाल के सामने चारों नेताओं का नाम रखा।
हालांकि प्रत्याशी के चयन को लेकर यह बैठक नहीं बुलाई गई थी, लेकिन बैठक में मौजूद कांग्रेसियों ने लोकसभा कोऑर्डिनेटर को अपने-अपने प्रत्याशियों के नामों के सुझाव दे दिए। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए हरिद्वार लोकसभा सीट को लेकर कांग्रेसियों की बैठक मंगलवार को उत्तरी हरिद्वार स्थित श्री गंगा स्वरूप आश्रम में हुई। लोकसभा कोऑर्डिनेटर गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में विधायकों, पूर्व विधायकों, जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, एआईसीसी, पीसीसी सदस्यों समेत महत्वपूर्ण नेताओं के साथ बैठक कर चर्चा की गई।
गोदियाल ने पदाधिकारियों को आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बूथ स्तर से तैयारी में जुटने को कहा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार हरिद्वार में लोकसभा चुनाव को लेकर प्रथम बैठक बुलाई गई, जिसमें संगठन स्तर पर लोकसभा चुनाव को मजबूती से लड़ने पर चर्चा की गई।
सभी जिला, ब्लॉक और बूथ कमेटियों में सक्रिय लोगों को स्थान देकर संगठन को एक सप्ताह के भीतर बूथ स्तर पर काम करने को कहा गया। सभी वक्ताओं ने लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। कांग्रेस की नीतियों को जनता तक पहुंचाने को कहा। कांग्रेसियों ने तमाम मुद्दों पर सरकार को घेरा।
ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन, विधायक ममता राकेश, विधायक फुरकान अहमद, विधायक और जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र जाती, विधायक रवि बहादुर, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी, महानगर अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, महानगर अध्यक्ष ऋषिकेश राकेश सिंह, महानगर अध्यक्ष रुड़की राजेंद्र चौधरी, पूर्व दर्जाधारी संजय पालीवाल, पीसीसी सदस्य राजपाल खरोला, प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत, जयेन्द्र रमोला, राजवीर सिंह, गौरव चौधरी, प्रदीप चौधरी, मुरली मनोहर, विनय सारस्वत आदि मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›