Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल में दुष्कर्म कांड के बाद कोतवाली में तैनात दरोगा से हाथापाई का वीडियो वायरल

नैनीताल। जिले में एक बालिका से दुष्कर्म की घटना के बाद जहां जगह-जगह प्रदर्शन हो रहे हैं, वहीं अब एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें प्रदर्शनकारियों द्वारा मल्लीताल कोतवाली में तैनात एक दरोगा से धक्कामुक्की और हाथापाई की जा रही है।
यह घटना 30 अप्रैल की है, जब दुष्कर्म के विरोध में गुस्साए लोग कोतवाली पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की गई, जिस पर स्थिति बिगड़ गई और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कुछ प्रदर्शनकारी एक दरोगा से हाथापाई कर रहे हैं। एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ने और उसे धमकाने की कोशिश भी की गई।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और किसी तरह दरोगा को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे लेकर पुलिस प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान की जा रही है। एसपी ने साफ किया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›