Report by : CWN Desk
Published at :
रामनगर के मालधन में शराब की दुकानों के खिलाफ महिलाओं का चक्का जाम, प्रशासन ने की तालाबंदी

रामनगर। मालधन गांव में खोली गई शराब की नई दुकानों के खिलाफ महिलाओं का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार को महिलाओं ने महिला एकता मंच के नेतृत्व में शराब की दुकान के बाहर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं की नाराजगी को देखते हुए मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रमोद कुमार ने स्थिति को संभालते हुए तत्काल दुकान में तालाबंदी करवाई और प्रदर्शन कर रही महिलाओं को शांत किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं महिला एकता मंच की संयोजिका सरस्वती जोशी ने कहा कि मालधन क्षेत्र में महिलाएं लंबे समय से शराब की दुकान के विरोध में धरना दे रही हैं। उनका कहना है कि सरकार गांव में अब तक बुनियादी सुविधाएं जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क तक नहीं दे सकी, लेकिन शराब की दुकान खोलने के लिए तेजी दिखा रही है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा और परिवारों पर बुरा असर पड़ेगा।

इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एकजुट रहीं। प्रदर्शन में मुनीष कुमार, प्रभात ध्यानी, रोहित रुहेला, ग्राम प्रशासक पुष्पा, तुलसी, ललिता रावत, पुष्पा चंदोला, विनीता टम्टा और भगवती आर्य सहित कई लोग मौजूद रहे।

प्रशासन द्वारा दुकान की तालाबंदी किए जाने के बाद फिलहाल स्थिति शांत है, लेकिन महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि शराब की दुकान को स्थायी रूप से बंद नहीं किया गया तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›