Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
दो फरवरी से पिथौरागढ़-पंतनगर-देहरादून के बीच शुरू होगी विमान सेवा

मुख्यमंत्री धामी देहरादून से19 सीटर विमान से उड़ान भरकर विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ करेंगे
पिथौरागढ़। दो फरवरी से पिथौरागढ़-पंतनगर-देहरादून के बीच पहली बार 19 सीटर विमान से यात्री सेवा शुरू होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को देहरादून से फ्लाई बिग कंपनी के 19 सीटर विमान से स्वयं यहां पहुंचकर विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री इसी विमान से यहां से देहरादून वापसी भी करेंगे।
विमान कंपनी के अनुसार शुरुआत में लोगों को सप्ताह में तीन दिन इस विमान सेवा का लाभ मिलेगा। बाद में यात्रियों की संख्या पर्याप्त रही तो विमान कंपनी यहां से नियमित सेवा संचालित करेगी। फ्लाई बिग कंपनी का यह विमान यात्रियों के लिए दो फरवरी से सप्ताह में तीन दिन सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार को पंतनगर-देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच सुबह और शाम को उड़ान भरेगा। विमान कंपनी के स्थानीय एयरपोर्ट मैनेजर राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पिथौरागढ़-पंतनगर-देहरादून विमान सेवा के शुभारंभ के लिए फ्लाई बिग एविएशन के वीटी-एचआईटी विमान से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से मंगलवार सुबह 9.50 बजे उड़ान भरेंगे। वह सुबह 10.40 बजे यहां नैनी सैनी एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री यहां नियमित विमान सेवा का शुभारंभ करने के बाद इसी विमान से दोपहर 12.30 बजे देहरादून के लिए वापसी करेंगे। 31 जनवरी से यात्री विमान सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›