Report by : CWN Desk
Published at :
अमित शाह का हरिद्वार दौरा: सीएम धामी ने बैरागी कैंप में परखीं तैयारियां

: 7 मार्च को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बैरागी कैंप का निरीक्षण किया। सुरक्षा और पार्किंग को लेकर दिए कड़े निर्देश।

हरिद्वार: आगामी 7 मार्च 2026 को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित हरिद्वार भ्रमण को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को ‘जीरो एरर’ के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि देश के गृहमंत्री का आगमन उत्तराखंड के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंच व्यवस्था, वीआईपी सिटिंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छता जैसे सभी मानकों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। सीएम ने जोर देकर कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस व प्रशासन को आपसी तालमेल के साथ काम करना होगा।
मुख्यमंत्री ने सबसे अधिक ध्यान यातायात प्रबंधन (Traffic Management) पर दिया। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि शहर में जाम की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए एक ठोस ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले आम जनमानस को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। पार्किंग स्थलों के चयन और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्यमंत्री को अब तक की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सुरक्षा और वाहनों की पार्किंग के ब्लूप्रिंट को साझा किया। निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, स्थानीय विधायक मदन कौशिक सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारियों की फौज मौजूद रही।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›