Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड के इन जिलों के आंगनबाड़ी कार्यकताओं ने राजधानी में भरी हुंकार

प्रदेशभर के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मुख्यमंत्री आवास कूच, पुलिस के साथ नोकझोंक

न्यूनतम मानदेय 18 हजार करने व अन्य विभाग के कार्यों से मुक्त करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर राजधानी में एकत्र हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता

देहरादून। न्यूनतम मानदेय 18 हजार करने व अन्य विभाग के कार्यों से मुक्त करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। इस दौरान पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की नोकझोंक व धक्कामुक्की भी हुई। हाथीबड़कला में लगी बेरिकेडिंग के पास देर शाम तक कार्यकर्ता डटी रहीं।
सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्री सेविका मिनी कर्मचारी संगठन के बैनर तले राज्यभर से पहुंचीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता परेड मैदान में एकत्र हुईं। यहां से नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास कूच किया, लेकिन हाथीबड़कला स्थित केंद्रीय विद्यालय दो के पास पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। आक्रोशित कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने लगीं तो पुलिस ने उन्हें जाने नहीं दिया।
इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की व नोकझोंक हो गई। इसके बाद कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गईं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार का कोई प्रतिनिधि उनकी बातों को सुनने नहीं आता, वह यहां से नहीं हटेंगी। शाम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समन्वयक इंद्रजीत कढाकोटी प्रतिनिधि के तौर पर वहां पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लेते हुए आश्वस्त किया कि मांगों पर कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री से शीघ्र उनकी वार्ता कराएंगे।
इस दौरान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी ने कहा कि वह लंबे समय से मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। पूर्व में विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने भी मानदेय बढ़ाने का भरोसा दिया था, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसलिए मजबूरन उन्हें आज कूच करना पड़ा।
नैनीताल से पहुंचीं पूजा जोशी ने कहा कि वर्तमान में कार्यकर्ताओं को नौ हजार, 300 रुपये मानदेय मिल रहा है, जिसे बढ़ाकर 18 हजार किया जाए। साथ ही अन्य विभाग के कार्यों से उन्हें मुक्त रखा जाए। उन्होंने वरिष्ठता के आधार पर मानदेय में वृद्धि की मांग भी रखी।

कार्यकर्ता आशा नेगी, सरिता देवी ने पेंशन योजना शुरू करने, समय पर आंगनबाड़ी केंद्रों के किराया भुगतान की मांग उठाई। इस मौके पर संगठन की केंद्रीय प्रभारी सुमति थपलियाल, प्रदेश संगठन मंत्री पौड़ी मीनाक्षी रावत, प्रदेश महामंत्री ऊधमसिंह नगर रंजीता अरोड़ा, पौड़ी जिलाध्यक्ष पूनम कैंतुरा, उत्तरकाशी से विजयलक्ष्मी नौटियाल, टिहरी से ममता रतूड़ी, देहरादून से पिंकी सिंह, रुद्रप्रयाग से सुनीता नौटियाल, नैनीताल से हेमा मालिनी, चंपावत से मीना बोरा, बागेश्वर से भगवती जोशी, चमोली से अभिलाषा, उधमसिंह नगर जिलाध्यक्ष मनप्रीत कौर आदि मौजूद रहीं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान दिलाराम चौक से लेकर हाथीबड़कला तक जाम लगा रहा। हाथीबड़कला पर लगे बेरिकेडिंग से स्कूल कालेज के छात्रों, अभिभावकों व आने जाने वालों अन्य लोगों को काफी परेशानी हुई। इस दौरान वहां से निकलने की कोशिश कर रहे एक वाहन चालक पर कार्यकर्ता भड़क गए और उसे वहां से वापस भेज दिया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›