Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल पंत पार्क में युवकों के बीच जमकर चले लात घूंसे, वीडियो वायरल

पुलिस ने मुनादी कर सभी को नियमों के दायरे में रहने की दी हिदायत

(कमल जगाती)
नैनीताल।
उत्तराखंड में नैनीताल का पंत पार्क अराजक तत्वों का गढ़ बनते जा रहा है, यहां आए दिन मारपीट,  और सिर फुटव्वल होते रहता है। आज भी कुछ स्थानीय युवकों के बीच जमकर लात घूंसे चले। पुलिस ने मुनादी कर सभी को नियमों के दायरे में रहने की हिदायत दी। नैनीताल में मल्लीताल के पंत पार्क में फड खोखे लगाकर कुछ लोग अपनी आजीविका चलाते हैं। इनकी संख्या लगभग 300 है। इनमें से लगभग 121 पुराने फड व्यवसाइयों को नियमित करते हुए नगर पालिका ने लाइसेंस दिए हैं। उच्च न्यायालय ने एक जनहित याचिका को निस्तारित करते हुए पंत पार्क से गुरुद्वारे तक एक साइड कुल 121 फड हर शाम दो से 3 घंटे नियमानुसार लगाने की अनुमति दे दी थी। न्यायालय ने इसके बाद नगर पालिका से इन फड व्यवसाइयों को कहीं दूसरी जगह वेंडर ज़ोन बनाकर शिफ्ट करने को भी कहा था। लेकिन फड खोखों में अच्छी दुकानदारी के चलते, यहां नियमों का घोर उल्लंघन होते रहा।
ये क्षेत्र आए दिन झगड़ा मारपीट, हाथापाई गालीगलौच और लाठी डंडों के इस्तेमाल की भेंट चढ़ने लगा है। यहाँ कभी टैक्सी चालक और गाइड पर्यटकों के साथ किसी बात को लड़ते और मारपीट करते हैं तो कभी यहां दुकान लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद और मारपीट हो जाती है। शनिवार शाम यहां दो महिलाओं की लड़ाई में एक महिला के बेटे के आने के बाद दूसरी महिला का बेटा भी कूद पड़ा और जबरदस्त गुत्थम गुत्था हो गई। आज शाम भी दो पक्षों के बीच छोटे भाई को थप्पड़ मारने को लेकर लड़ाई बढ़ गई। यहां भी जमकर लात घूंसे चल गए। हर रोज माहौल तनावपूर्ण होता देख मल्लीताल के कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने सख्त रुख अपनाते हुए पंत पार्क क्षेत्र में मुनादी करा दी। लड़ाई झगड़ा करने वाले सभी लोगों को चेतावनी दी गई है कि अगर वो अब लड़ेंगे तो उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्यवाही की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›