Report by : Paras Bisht
Published at :
रामनगर में न्यायालय परिसर में युवती ने खाया जहर, वजह पढ़कर रह जाएंगे दंग

रामनगर। न्यायालय परिसर में एक युवती ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मंगलवार दोपहर करीब 1:15 बजे न्यायालय परिसर में एक युवती विषाक्त पदार्थ खाए हुए मिली, जिससे वहां खलबली मच गई। युवती की हालत देख अधिवक्ता कृष्णा नेगी, पुलिस कर्मी बृजमोहन बहुगुणा के साथ अपनी कार से उसे रामनगर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन युवती को काशीपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। युवती की पहचान 22 वर्षीय प्रिया पुत्री मुन्ना सिंह निवासी पूछड़ी के रूप में हुई।
विषाक्त पदार्थ खाने वाली प्रिया की मां लीला देवी ने बताया कि उसका भतीजा आशुपाल पुत्र उमेश निवासी काशीपुर को काशीपुर बस स्टैंड के पास से पुलिसकर्मी कोतवाली ले आये थे। उसकी बेटी प्रिया को पता चला तो वह अपने भाई को छुड़ाने के लिए कोतवाली पहुंची। जब वहां कोई बात नहीं बनी तो वह रामनगर न्यायालय पहुंची। आरोप लगाया कि पुलिस प्रताड़ना के चलते प्रिया ने यह कदम उठाया।
रामनगर के कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि काशीपुर निवासी आशुपाल पुत्र उमेश के खिलाफ धारा 323/354/504/506 भादवि में मुकदमा दर्ज है। विवेचक एसआई रेनू ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया था। इस बीच उससे आईडी मांगी, जो उसने नहीं दी। इस पर प्रिया ने कहा कि वह आईडी कल वकील के माध्यम से दे देंगे। उसके बाद वह आशुपाल को साथ लेकर चली गई थी। कुछ देर बाद पता लगा कि उसने न्यायालय परिसर में विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया है, जिसकी थाने पर एमएलसी (मैमो) प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के लिए एसआई तारा सिंह राणा को अस्पताल भेजा गया। युवती को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›