Report by : Paras Bisht
Published at :
भीमताल में यूट्यूबर के ब्लेकमेंलिंग से परेशान दिव्यांग ने जहर पीकर जान देने की कोशिश की

भीमताल। अवैध रूप से पैसे मांगने से परेशान धारी ब्लॉक के सरना निवासी दिव्यांग मदन सिंह (31) ने सोमवार सुबह जहर पीकर जान देने की कोशिश की। परिजन उसे पदमपुरी सीएचसी ले गए जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हल्द्वानी एसटीएच रेफर कर दिया। पीड़ित युवक ने दो दिन पहले धारी पुलिस को एक यूट्यूबर और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ पैसे मांगने और राजीनामा कराने का दबाव बनाने की तहरीर सौंपी थी। साथ ही युवक ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में परेशान होने की बात कहकर आत्महत्या करने की भी चेतावनी दी थी लेकिन पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
दिव्यांग मदन की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि 16 जुलाई को एक व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट भी की। वहीं 20 जुलाई को एक यूट्यूब चैनल से जुड़े पत्रकार ने उसके पास आकर उससे कहा कि उसे एक लाख रुपये दे दो, मैं दोनों पक्षों के साथ राजीनामा करवा दूंगा। तहरीर में युवक ने दोनों आरोपियों से आहत होने की बात का उल्लेख भी किया था। साथ ही कहा कि अगर मेरी कोई जनहानि होती है तो इसके लिए दोनों जिम्मेदार होंगे। इस मामले को लेकर परेशान दिव्यांग मदन ने सोमवार सुबह घर पर जहर पी लिया।
इधर, स्थानीय लोगों का भी आरोप है कि एक व्यक्ति खुद को यूट्यूब का पत्रकार बताकर क्षेत्र में गलत तरीके से वसूली कर रहा है। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। धारी चौकी इंचार्ज अरुण राणा ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन और पानी को लेकर विवाद चल रहा है जिसकी जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि मदन को जांच के लिए सोमवार को थाने बुलाया गया था लेकिन उसने जहर पी लिया। युवक एसटीएच हल्द्वानी में भर्ती है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›