हल्द्वानी
भ्रष्टाचार पर प्रहार: 12 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया उद्यान निरीक्षक
हल्द्वानी विजिलेंस टीम ने किच्छा में ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। पेड़ों के कटान की अनुमति के लिए मांगी थी घूस।
हल्द्वानी। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। हल्द्वानी विजिलेंस की टीम ने ऊधम सिंह नगर के किच्छा में तैनात ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद से पूरे सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।
यह पूरा मामला पेड़ों के कटान की अनुमति से जुड़ा है। एक लकड़ी के ठेकेदार ने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से आम के 16 पेड़ खरीदे थे। इन पेड़ों को काटने के लिए सरकारी अनुमति की आवश्यकता थी। आरोप है कि उद्यान निरीक्षक बादल पांडे ने इस अनुमति पत्र को जारी करने के बदले ठेकेदार से मोटी रकम की मांग की थी।
परेशान होकर पीड़ित ठेकेदार ने विजिलेंस के टोल-फ्री नंबर 1064 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही सतर्कता विभाग ने प्राथमिक जांच शुरू की, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया जिसने आरोपी को पकड़ने का जाल बिछाया।
बुधवार को जैसे ही ठेकेदार ने किच्छा स्थित दफ्तर में बादल पांडे को रिश्वत के 12,000 रुपये थमाए, पहले से तैयार विजिलेंस टीम ने उसे दबोच लिया। निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने इस सफल ऑपरेशन के लिए टीम की सराहना की है। टीम को नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की गई है।
