नैनीताल जिले की धारी तहसील में सतर्कता टीम ने पटवारी निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। पढ़ें भ्रष्टाचार पर विजिलेंस का बड़ा एक्शन।
नैनीताल। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले की तहसील धारी में भूमि की पैमाइश करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोपी पटवारी निर्मल बोरा को विजिलेंस की टीम ने 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मौड़ा गांव निवासी पीड़ित व्यक्ति ने अपनी भूमि की नाप कराने के लिए पटवारी से संपर्क किया था। पटवारी निर्मल बोरा ने इसके बदले अवैध राशि की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर सतर्कता अधिष्ठान नैनीताल-हल्द्वानी थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर आरोपी पटवारी को 30 हजार रुपये की नगद रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया।
निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने इस सफल कार्रवाई के लिए ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगे तो तुरंत सतर्कता विभाग की हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सऐप नंबर 9456592300 पर संपर्क करें।