अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
बागेश्वर: पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची किशोरी, साढ़े तीन माह की गर्भवती निकली
बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने का मामला सामने आया है। मंगलवार को जिला अस्पताल में पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंची 17 वर्षीय किशोरी की जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे साढ़े तीन माह का गर्भवती पाया।
अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को महिला हेल्पलाइन के माध्यम से वन स्टॉप सेंटर भेजा, जहां उसका काउंसलिंग किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, किशोरी इलाज के बहाने पर्ची पर 17 वर्ष की आयु दर्ज कर अस्पताल पहुंची थी। जांच में गर्भावस्था की पुष्टि होने पर मामला उजागर हुआ।
पुलिस पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसका एक ब्वॉयफ्रेंड है और वह उसके साथ रह रही थी। फिलहाल पुलिस ने मामला कपकोट थाने का होने के कारण संबंधित थाने को सूचित कर दिया है। कोतवाल केएस नेगी ने कहा कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों तक भेजी गई है। पुलिस उपाधीक्षक मनीष शर्मा ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई है।
इधर, वन स्टॉप सेंटर में परामर्शदाताओं की टीम किशोरी को मानसिक सहयोग दे रही है। वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चिंता व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे मामलों में जागरूकता और निगरानी बेहद जरूरी है ताकि भविष्य में नाबालिगों के साथ ऐसी स्थितियां न बनें।
