Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में मधुमक्खियों का तांडव : 50 से अधिक लोग घायल, अफरातफरी का माहौल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी शहर के रामपुर रोड पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई जब मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। दोपहर करीब दो बजे देवलचौड़ क्षेत्र में यह घटना घटी। वहां मौजूद लोग बैंक के काम से आए थे, कुछ वाहन चालक पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवा रहे थे और कई राहगीर सड़क से गुजर रहे थे। तभी मेहता चैरिटेबल अस्पताल मार्ग के पास स्थित एक पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते को किसी ने छेड़ दिया। कुछ ही पल में हजारों मधुमक्खियां भिनभिनाते हुए लोगों पर टूट पड़ीं।
अचानक हुए हमले से लोगों में भगदड़ मच गई। सड़क पर दौड़ते लोग दुकानों, घरों और वाहनों में शरण लेने लगे। कई लोगों ने अपने कपड़ों से चेहरे और शरीर को ढककर खुद को बचाने का प्रयास किया। बाइक सवार भी बुरी तरह प्रभावित हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 50 से अधिक लोग मधुमक्खियों के डंक का शिकार हुए। डंक इतनी तीव्रता से लगे कि कई लोग दर्द से रोने लगे। कुछ युवाओं ने शर्ट और कमीज उतारकर मधुमक्खियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे।
धुआं लगाकर किया बचाव
करीब एक घंटे तक मधुमक्खियों का आतंक बना रहा। स्थानीय दुकानदार कैलाश लोहनी ने बताया कि मधुमक्खियों के डर से लोग सड़कों पर भागते रहे और देवलचौड़ से टीपीनगर चौक तक का इलाका लगभग सुनसान हो गया। आखिरकार धुआं लगाकर मधुमक्खियों को शांत करने का प्रयास किया गया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। आगरा से बैंक में फर्नीचर का काम करने आए रमेश ने बताया कि वह खाना खाने जा रहा था तभी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। उसे कई जगह पर डंक लगे जिससे उसे तेज दर्द और सूजन हो गई।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement