Report by : CWN Desk
Published at :
दक्षिण भारत तीर्थ यात्रा के लिए चलेगी ‘भारत गौरव ट्रेन’, ऋषिकेश से 29 अगस्त को होगी रवाना

ऋषिकेश। यदि आप दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए सुनहरा अवसर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) 29 अगस्त से 9 सितंबर के बीच ‘भारत गौरव स्पेशल पर्यटक ट्रेन’ संचालित करने जा रहा है। यह ट्रेन उत्तर भारत के श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, कन्याकुमारी जैसे धार्मिक स्थलों की सैर कराएगी।

ट्रेन की शुरुआत योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से 29 अगस्त को होगी। हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम और मानिकपुर रेलवे स्टेशनों से भी यात्री इसमें सवार हो सकेंगे।

आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा के अनुसार, यह यात्रा 11 रात और 12 दिनों की होगी। इसमें स्लीपर क्लास का किराया ₹24,350, थर्ड एसी का ₹41,800 और सेकेंड एसी का ₹55,750 प्रति व्यक्ति तय किया गया है। यात्रा पैकेज में रेल यात्रा, नाश्ता, दोपहर व रात्रि का शाकाहारी भोजन, एसी-नॉन एसी होटलों में ठहराव और तीर्थ स्थलों के भ्रमण हेतु बस सुविधा शामिल है।

ये प्रमुख तीर्थस्थल होंगे शामिल:

  • तिरुपति बालाजी मंदिर (तिरुपति)
  • रामनाथ स्वामी मंदिर (रामेश्वरम)
  • मीनाक्षी मंदिर (मदुरै)
  • कन्याकुमारी के स्थानीय दर्शनीय स्थल
  • मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग (मरकापुर)

यात्रा की बुकिंग आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट www.irctc.co.in पर की जा सकती है। धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभवों से भरपूर यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय अवसर है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›