हल्द्वानी
हल्द्वानी बनभूलपुरा में बड़ी कार्रवाई: बर्खास्त टीचर के घर मिले AK-47 के कारतूस और अवैध तमंचे
बनभूलपुरा पुलिस ने एक बर्खास्त शिक्षक के घर छापेमारी कर AK-47 के कारतूस और दो अवैध तमंचे बरामद किए। आरोपित मोबिन खान को गिरफ्तार कर जांच शुरू।
हल्द्वानी: बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण पर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई से पहले क्षेत्र में सतर्कता बरत रही पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गौजाजाली उत्तर स्थित आयशा मस्जिद के पास एक घर में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध असलहे और प्रतिबंधित कारतूस बरामद किए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपित के पास से AK-47 का प्रतिबंधित कारतूस भी मिला है।
थाना प्रभारी दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरोपित मोबिन खान को गिरफ्तार किया गया है। मोबिन खान पूर्व में नैनीताल के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक था, लेकिन पाक्सो (POCSO) मामले में जेल जाने के बाद उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपित ने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस को अलमारी के ऊपर छिपाकर रखे गए दो अवैध तमंचे (315 और 12 बोर), कई जिंदा कारतूस और प्रतिबंधित 7.62 एमएम (AK-47) का कारतूस मिला। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मोबिन खान अक्सर इन हथियारों के दम पर परिवार को डराता-धमकाता था। गिरफ्तारी के समय आरोपित की मानसिक स्थिति भी संदिग्ध नजर आई और उसने आत्महत्या जैसी हरकत करने का प्रयास भी किया।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 3/25 और 7/25 (1क) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात को लेकर बेहद गंभीर हैं कि एक बर्खास्त शिक्षक के पास AK-47 जैसे घातक हथियार का कारतूस कहां से आया। क्या इसका संबंध किसी बड़ी साजिश से है या यह केवल डराने-धमकाने के लिए रखा गया था, इसकी सघन जांच की जा रही है।
बनभूलपुरा क्षेत्र में 24 फरवरी को प्रस्तावित सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के मद्देनजर पुलिस पहले से ही हाई अलर्ट पर है। ऐसे में हथियारों की यह बरामदगी सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती है। पुलिस अब आरोपित से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इन हथियारों के स्रोत और उनके वास्तविक उद्देश्य का पता लगाया जा सके।
