हल्द्वानी
हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा: भाई की शादी की खुशियां मातम में बदलीं, डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
हल्द्वानी मंडी से लौट रहे बाइक सवार युवकों को तेज रफ्तार डंपर ने रौंदा। 23 वर्षीय अमर सिंह की मौत, भाई की 23 फरवरी को होनी थी शादी। पीलीभीत का रहने वाला था मृतक।
हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को उम्र भर के गम में बदल दिया है। बुधवार को हल्द्वानी मंडी से लौटते समय एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 14 वर्षीय चचेरा भाई जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमर सिंह (23 वर्ष) पुत्र रामचंद्र निवासी गांव मैदना, न्यूरिया (पीलीभीत) के रूप में हुई है। अमर रुद्रपुर सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि घर में उसके बड़े भाई की 23 फरवरी को शादी होनी थी। शादी की तैयारियों के सिलसिले में ही अमर हल्द्वानी आया था, लेकिन वापस लौटते समय सिसौना, कल्याणपुर के पास काल बनकर आए डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भयानक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद आरोपी डंपर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके चचेरे भाई गौतम सिंह (14 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब अपनों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार डंपर चालक की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।
