हल्द्वानी
हल्द्वानी पुलिस का ऑपरेशन क्रैकडाउन: 12 बोर बंदूक के साथ पंकज बिष्ट गिरफ्तार
हल्द्वानी पुलिस ने ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। 12 बोर बंदूक और जिंदा कारतूस के साथ चमोली निवासी पंकज सिंह बिष्ट को गिरफ्तार किया गया।
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में चल रहे ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ को बड़ी सफलता मिली है। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध 12 बोर बंदूक और जिंदा कारतूस के साथ दबोचा है। पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के बीच हड़कंप मचाने वाली साबित हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसपी के आदेश पर पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के नेतृत्व में संदिग्धों की सघन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में 18 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध 12 बोर सिंगल बैरल बंदूक और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान पंकज सिंह बिष्ट के रूप में हुई है। वह चमोली जिले के जोशीमठ (मोल्टा थाना) का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से इस अवैध हथियार के स्रोत के बारे में कड़ी पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
