उत्तराखंड के चंपावत में एसओजी ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अलीगढ़ के तस्कर को 908 ग्राम चरस के साथ दबोचा। सप्लायर पर भी एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज।
चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस और एसओजी को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने अलीगढ़ के एक तस्कर को भारी मात्रा में अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है।
चंपावत एसओजी टीम किरोड़ा नाले के पास सड़क पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 908 ग्राम चरस बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपित की पहचान शमसुद्दीन पुत्र होशियार खान, निवासी नूर नगर, भुजपुरा, कोतवाली नगर, अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपित शमसुद्दीन ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह 25 अक्टूबर को चरस लेने के लिए चंपावत आया था। उसने देवीधुरा क्षेत्र के मेतड़ा गांव निवासी जमन सिंह से 45 हजार रुपये में यह चरस खरीदी थी। आरोपित के मुताबिक, वह रात को जमन सिंह के घर रुकने के बाद वापस अलीगढ़ लौट रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर शमसुद्दीन और मुख्य सप्लायर जमन सिंह के विरुद्ध कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और मामले में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।