Report by : कालू वर्मा
Published at :
देहरादून में STF का बड़ा एक्शन: 42 लाख की हेरोइन के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

उत्तराखंड STF और एएनटीएफ ने संयुक्त अभियान में देहरादून के बसंत विहार से एक तस्कर को 144 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ पकड़ा। जानें क्या है ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान।

देहरादून। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और बसंत विहार थाना पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 144 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशानुसार, राज्यभर में नशे के सौदागरों के खिलाफ कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने आजाद कॉलोनी निवासी गुफरान को तस्करी करते हुए रंगे हाथों दबोचा। पूछताछ में पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश के बिजनौर का मूल निवासी है और वर्तमान में देहरादून में सक्रिय था। वह नशे की यह खेप स्थानीय युवाओं और अन्य जरूरतमंदों को फुटकर में बेचने की फिराक में था।
पूछताछ के दौरान आरोपी गुफरान ने खुलासा किया कि उसने यह हेरोइन तरुण पाल उर्फ ‘चीनू’ नाम के व्यक्ति से खरीदी थी। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य सरगना की तलाश में जुटी है और मामले की गहराई से जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ थाना बसंत विहार में NDPS Act की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी चिन्हित करने का प्रयास कर रही है।
एसएसपी अजय सिंह ने जनता से अपील की है कि वे नशे के इस अवैध कारोबार से दूर रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के लालच में आकर तस्करी का हिस्सा न बनें। एसटीएफ ने हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 जारी किया है, जिस पर नागरिक नशा तस्करी की सूचना दे सकते हैं। उत्तराखंड पुलिस का यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक देवभूमि पूरी तरह नशामुक्त नहीं हो जाती।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›