Report by : CWN Desk
Published at :
पिरान कलियर में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: नशीली दवाओं संग 2 गिरफ्तार

उत्तराखंड एसटीएफ ने पिरान कलियर में मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे काले कारोबार का पर्दाफाश किया। 1150 नशीले कैप्सूल के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार।

हरिद्वार। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की टीम ने हरिद्वार जनपद के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले दो अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ कार्यालय देहरादून को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि पिरान कलियर स्थित ‘मोनी मेडिकल स्टोर’ का संचालक अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली दवाएं बेच रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मेडिकल स्टोर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से 1150 नशीले कैप्सूल और 10 कोडीन कफ सिरप बरामद किए गए।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या चिकित्सकीय पर्चा प्रस्तुत नहीं कर सके। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान कुर्बान अली (40 वर्ष) और आदिल के रूप में हुई है, जो पिरान कलियर क्षेत्र के ही निवासी हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कलियर में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी तरह के प्रलोभन में आकर अवैध गतिविधियों का हिस्सा न बनें। एसटीएफ ने नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस या एसटीएफ के हेल्पलाइन नंबरों पर साझा करने का आग्रह किया है। राज्य में नशा तस्करों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›