Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई : दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 7 किलो अफीम बरामद

रुद्रपुर। उत्तराखंड एसटीएफ ने एक बार फिर नशा माफिया पर बड़ा प्रहार किया है। कुमाऊं टीम ने थाना पुलभट्टा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर से दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 7 किलो अफीम बरामद की गई, जो अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए तस्करों के नाम चमन प्रकाश (निवासी गेलाडांडा, थाना नवाबगंज, जनपद बरेली, उम्र 30 वर्ष) और महावीर (निवासी सल्लन नगर, थाना बिनावर, जनपद बदायूं, उम्र 18 वर्ष) हैं। दोनों लंबे समय से नशे के कारोबार में लिप्त थे और हाल ही में जिला कारागार बरेली से जमानत पर रिहा हुए थे।
चमन प्रकाश के खिलाफ उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट और एनडीपीएस एक्ट के कुल 07 मामले दर्ज हैं, जबकि महावीर पर 02 मामले पंजीकृत हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिल के जरिए अफीम उत्तराखंड ला रहे थे, जिसकी सप्लाई रुद्रपुर क्षेत्र में की जानी थी। टीम ने जाल बिछाकर उन्हें धर-दबोचा।
पूछताछ में अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में अफीम सप्लाई करते हैं और यहां भारी मुनाफे पर बेचते हैं। उन्होंने कई अन्य ड्रग्स पैडलरों के नाम भी उजागर किए हैं, जिन पर अब आगे कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में एसटीएफ के मुख्य आरक्षी गोविंद सिंह की विशेष भूमिका रही। ऑपरेशन में निरीक्षक एमपी सिंह, उपनिरीक्षक केजी मठपाल, अपर उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, हेड कांस्टेबल जगपाल सिंह, गोविंद बिष्ट, रविंद्र बिष्ट, रियाज अख्तर, दुर्गा सिंह पापड़ा, कांस्टेबल मोहित वर्मा, चालक संजय कुमार और थाना पुलभट्टा टीम से एसओ प्रदीप मिश्रा सहित कई अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
एसटीएफ की इस बड़ी सफलता से जहां अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क को करारा झटका लगा है, वहीं पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह से जुड़े और लोग भी जल्द पकड़ में आएंगे। यह बरामदगी प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›