उत्तराखण्ड
नीट यूजी फर्जीवाड़े पर बड़ा एक्शन: उत्तराखंड में 3 और एमबीबीएस सीटें रद्द, कुल आंकड़ा 19 पहुंचा
उत्तराखंड नीट यूजी काउंसिलिंग में फर्जी प्रमाण पत्र मामले में 3 और अभ्यर्थियों की एमबीबीएस सीटें रद्द कर दी गई हैं। अब तक कुल 19 सीटें निरस्त हुई हैं।
देहरादून: उत्तराखंड नीट यूजी स्टेट काउंसिलिंग में फर्जी दस्तावेजों के जरिए एमबीबीएस की सीटें हासिल करने की कोशिश करने वालों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। हेमवती नंदन बहुगुणा (एचएनबी) उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने फर्जी प्रमाण पत्र मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और अभ्यर्थियों का सीट आवंटन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। इस कड़ी कार्रवाई के साथ ही राज्य में अब तक धांधली के कारण रद्द होने वाली एमबीबीएस सीटों की कुल संख्या बढ़कर 19 हो गई है।
विश्वविद्यालय द्वारा प्रथम और द्वितीय चरण की काउंसिलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को मेरिट, उनकी पसंद और उनके द्वारा जमा किए गए स्थाई निवास तथा आरक्षण संबंधी दावों के आधार पर सीटें आवंटित की गई थीं। हालांकि, दस्तावेज जमा करने के बाद गड़बड़ी की आशंका जताई गई थी। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित जिलों से सभी प्रमाण पत्रों की गहनता से सत्यापन जांच कराने की प्रक्रिया शुरू की।
ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारी से प्राप्त जांच रिपोर्ट में फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई। इसके आधार पर विश्वविद्यालय ने तीन अभ्यर्थियों की सीटों को निरस्त कर दिया है। इनमें राजकीय मेडिकल कालेज हरिद्वार में ओबीसी महिला श्रेणी से जुमराह अशरफ, राजकीय मेडिकल कालेज श्रीनगर में ओबीसी महिला श्रेणी से आदित्य प्रजापति और हरिद्वार में यूआर-अनाथ श्रेणी से वरुण देढ़ा का दाखिला शामिल है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट कर दिया है कि इन सीटों पर अब अभ्यर्थियों का कोई अधिकार नहीं रहेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, जिलाधिकारियों से प्रमाण पत्रों की भौतिक सत्यापन रिपोर्ट लगातार प्राप्त हो रही है। जैसे-जैसे रिपोर्ट मिल रही है, वैसे-वैसे संबंधित अभ्यर्थियों की सूची काउंसिलिंग पोर्टल पर तुरंत अपलोड की जा रही है। फर्जीवाड़े के चलते खाली हुई इन सभी सीटों को अब नीट यूजी के तीसरे चरण की काउंसिलिंग प्रक्रिया में पारदर्शी तरीके से शामिल किया जाएगा।
सत्यापन की अधिक जानकारी और काउंसिलिंग शेड्यूल देखने के लिए अभ्यर्थी एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।
