Connect with us

हल्द्वानी

पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज को मिली 50 MBBS सीटों की मंजूरी, उत्तराखंड में बढ़ीं कुल सीटें

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से शुरू होगी एमबीबीएस की पढ़ाई। केंद्र सरकार ने 50 सीटों पर दाखिले को दी मंजूरी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

हल्द्वानी। उत्तराखंड में एमबीबीएस दाखिले के इच्छुक छात्रों के लिए एक बड़ी राहत और खुशी की खबर आई है। पिथौरागढ़ स्थित स्व. जगजीवन राम राजकीय मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू करने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। केंद्र सरकार ने कॉलेज की दूसरी अपील को स्वीकार करते हुए 50 एमबीबीएस सीटों पर दाखिले की अनुमति प्रदान कर दी है।
शुरुआत में कॉलेज प्रशासन ने 100 सीटों के साथ नया सत्र शुरू करने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा था। हालांकि, मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने बुनियादी ढांचे और संसाधनों की समीक्षा के बाद प्राथमिक अपीलों को खारिज कर दिया था। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने बुनियादी ढांचे में सुधार किया और संकाय (फैकल्टी) की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए केंद्र सरकार के समक्ष दूसरी अपील दाखिल की।
केंद्र सरकार के तकनीकी विशेषज्ञ समूह (टीईजी) और मुख्य संचालन अधिकारी (सीओओ) ने कॉलेज द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों व उपलब्ध संसाधनों की पुनः समीक्षा की। समिति ने पाया कि कॉलेज में 50 सीटों के लिए आवश्यक फैकल्टी और संसाधन पर्याप्त हैं। इस निर्णय के बाद उत्तराखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की कुल सीटें 625 से बढ़कर अब 675 हो गई हैं।
चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने इस महत्वपूर्ण फैसले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि राज्य में एमबीबीएस सीटों की संख्या में बढ़ोतरी से मेधावी छात्रों के लिए अवसर बढ़ेंगे। इन कुल 50 सीटों में से 85 प्रतिशत सीटें राज्य कोटे (State Quota) के तहत उत्तराखंड के स्थानीय छात्रों से भरी जाएंगी, जिससे सीमांत क्षेत्र के युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।

Select Language

Advertisement