हल्द्वानी
हल्द्वानी में आदित्य टम्टा हत्याकांड: पीड़ित परिवार ने एसपी सिटी से मांगी इंसाफ की गुहार
हल्द्वानी में नाबालिक आदित्य टम्टा की संदिग्ध मौत मामले में परिजनों ने एसपी सिटी से मुलाकात की। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हल्द्वानी। नाबालिग आदित्य टम्टा की संदिग्ध मौत और हत्या के मामले में पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों और समाजसेवियों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी सिटी) से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच और नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

समाजसेवी विशाल वर्मा के अनुसार, गत 5 सितंबर 2026 की सुबह आदित्य को उसके सहपाठी मोटरसाइकिल पर बैठाकर जिम जाने के बहाने रानीबाग ले गए थे। बताया जा रहा है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने डंडों या किसी अन्य वस्तु से आदित्य के सिर पर गंभीर वार किए। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसके वस्त्र उतारकर उसे नदी में फेंक दिया गया।
घटना के बाद आदित्य का शव राजपुरा में नदी किनारे पत्थरों के बीच अटका हुआ मिला। काठगोदाम पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकालकर सुशीला तिवारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों का दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर पर डंडे से चोट के निशान मिले हैं, जो सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या की ओर इशारा करते हैं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इससे पूर्व वे दो बार मुकदमा दर्ज कराने काठगोदाम थाने गए थे, लेकिन वहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई और न ही शिकायत की रिसीविंग दी गई। इकलौते बेटे की मौत से टूटे परिवार ने अब एसपी सिटी से गुहार लगाकर सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा दिलाने की मांग की है।
