Report by : CWN Desk
Published at :
पटवारी, जेई-एई पेपर लीक मामले में 56 उम्मीदवारों को ब्लैक लिस्ट नोटिस

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक हटाए, हरिद्वार के सिटी मजिस्ट्रेट को अतिरिक्त प्रभार

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने पटवारी, जेई-एई पेपर लीक में शामिल 56  उम्मीदवारों को ब्लैक लिस्ट नोटिस जारी कर दिया है। काली सूची में डाले जाने वालों की सूची जल्द आयोग की वेबसाइट पर डाल दी जाएगी।
पेपर लीक मामले की एसआईटी हरिद्वार जांच कर रही है। एसएसपी अजय सिंह की ओर से आयोग को पेपर लीक में शामिल उम्मीदवारों के नामों की सूची उपलब्ध कराई गई है। आयोग के अधिकारियों के अनसार आठ जनवरी को हुई पटवारी – लेखपाल भर्ती के पेपर लीक में शामिल 44 उम्मीदवारों की पहचान हुई है। अभ्यर्थियों के बयान लिए जा रहे हैं।
वहीं, जेई-एई भर्ती की परीक्षा में पेपर लीक में शामिल 12 उम्मीदवारों की पहचान हुई। अभी दोनों मामलों की जांच जारी है। लिहाजा, अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ सकती है। आयोग ने बृहस्पतिवार को बैठक कर इन 56 उम्मीदवारों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 15 दिन में जवाब मांगा है। इसके बाद इन्हें काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालकर यह जानकारी वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।
सरकार ने पटवारी भर्ती पेपर लीक प्रकरण के बाद विवादों में आए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुंदर लाल सेमवाल को गुरूवार को हटा दिया। उनकी जगह हरिद्वार के सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›