कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने दुर्गाष्टमी पर टपकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने सभी का आभार जताया।
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री और सोमेश्वर विधायक रेखा आर्या ने दुर्गाष्टमी के पावन अवसर पर देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव और मां भगवती का आशीर्वाद लिया तथा प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ईश्वर के आशीर्वाद और सभी शुभचिंतकों की दुआओं से वह पूरी तरह स्वस्थ हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आज से वह पुनः अपनी देवतुल्य जनता की सेवा और अपने संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन में पूरी निष्ठा के साथ जुट गई हैं।
इस कठिन समय में मिले समर्थन को याद करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश सरकार, सभी जनप्रतिनिधियों और पक्ष-विपक्ष के साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में मिला आप सभी का साथ और अटूट विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जनता का यह स्नेह उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करता है।
मंत्री ने दोहराया कि सोमेश्वर क्षेत्र समेत पूरे उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए उनका हर पल समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।