हरिद्वार
पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर मुकदमा, अश्लील वीडियो और छवि धूमिल करने का आरोप
पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में केस दर्ज। भाजपा नेता की छवि धूमिल करने और AI के जरिए अश्लील वीडियो की धमकी का है आरोप।
हरिद्वार। उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने और चरित्र हनन के मामले में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ शिकंजा कस गया है। हरिद्वार और देहरादून में इन दोनों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इन आरोपों के बाद प्रदेश की सियासत और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
पहला मामला हरिद्वार के बहादराबाद थाने में दर्ज हुआ है। शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के पदाधिकारी धर्मेंद्र ने तहरीर दी कि आरोपियों ने भाजपा नेता दुष्यंत गौतम की छवि धूमिल करने के लिए भ्रामक ऑडियो-वीडियो वायरल किए हैं। इस सामग्री में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर झूठे दावे किए गए हैं। इससे रविदासी समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँची है और समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
वहीं, दूसरा मुकदमा देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने दर्ज कराया है। आरती ने आरोप लगाया कि उर्मिला सनावर उनके खिलाफ फेसबुक पर अश्लील और अभद्र टिप्पणियां कर रही हैं। आरोप है कि आरोपियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर उनके अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी है। पीड़िता ने बताया कि उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया जा रहा है।
पुलिस ने दोनों शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। बहादराबाद थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट और वायरल ऑडियो की सत्यता जांची जा रही है। देहरादून पुलिस भी डिजिटल साक्ष्यों को इकट्ठा कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
