Connect with us

हरिद्वार

पश्चिमी यूपी के कुख्यात विनय त्यागी पर पुलिस वैन में हमला, बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

Published

on

खबर शेयर करें 👉

लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर पेशी के लिए जा रहे हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर नकाबपोश बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग। हालत गंभीर, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप।

लक्सर (हरिद्वार): उत्तराखंड के लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर बुधवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस अभिरक्षा में जा रहे हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। यह वारदात दोपहर करीब एक बजे लक्सर ओवरब्रिज पर हुई। हमले में विनय त्यागी को तीन गोलियां लगी हैं, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
जाम का फायदा उठाकर बदमाशों ने की फायरिंग
मेरठ निवासी कुख्यात विनय त्यागी रुड़की जेल में बंद था और उसे धोखाधड़ी के एक मामले में लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए लाया जा रहा था। जब पुलिस का टाटा सूमो वाहन फ्लाई ओवर पर पहुंचा, तो भारी जाम के कारण गाड़ी रुक गई। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे नकाबपोश बदमाशों ने वाहन को घेरकर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिसकर्मी भी हुए चोटिल, इलाके में नाकाबंदी
इस अचानक हुए हमले में वाहन के शीशे टूट गए और दो पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भीड़भाड़ वाले इलाके में हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घायल विनय त्यागी को तुरंत लक्सर सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल और सीओ नताशा सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जिले के सभी बॉर्डरों पर नाकाबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।

Select Language

Advertisement