Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल-बेतालघाट पंचायत चुनाव बवाल की जांच सीबीसीआईडी करेगी

देहरादून। नैनीताल और बेतालघाट में पंचायत चुनाव के दौरान हुए बवाल की जांच अब सीबीसीआईडी को सौंपी गई है। मंगलवार शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके आदेश दिए। उन्होंने कहा कि कुमाऊं मंडलायुक्त पूरे मामले की विस्तृत जांच कर 15 दिन में आख्या प्रस्तुत करेंगे। साथ ही त्वरित कार्रवाई करते हुए सीओ भवाली और थानाध्यक्ष तल्लीताल को जिले से बाहर ट्रांसफर करने के निर्देश भी दिए गए।

इधर, मंगलवार को पंचायत चुनाव के परिणामों का औपचारिक ऐलान हुआ। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की दीपा दर्मवाल विजयी रहीं, जबकि कांग्रेस की देवकी बिष्ट उपाध्यक्ष चुनी गईं। 14 अगस्त को वोटिंग के बाद 15 अगस्त की सुबह हुई मतगणना में अध्यक्ष पद के लिए कुल 22 मत पड़े। इनमें से दीपा को 11 और कांग्रेस की पुष्पा नेगी को 10 वोट मिले, जबकि एक मत निरस्त हो गया।

हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई शुरू होने से पहले परिणाम घोषित होने पर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि बवाल के जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›