Connect with us

नई दिल्ली

चारधाम यात्रा का शुभारंभ: गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर श्रद्धालुओं के लिए खुले, बाबा केदार की डोली पहुंची गौरीकुंड

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तरकाशी। पावन पर्व अक्षय तृतीया के अवसर पर बुधवार को चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। धार्मिक उत्साह और उल्लास के बीच गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। वहीं रुद्रप्रयाग जनपद में भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली गौरीकुंड पहुंच गई, जहां भव्य पुष्प वर्षा और जयघोषों के बीच डोली का स्वागत किया गया।

बुधवार सुबह गंगोत्री धाम के लिए मां गंगा की डोली भैरव घाटी स्थित प्राचीन भैरव मंदिर से रवाना हुई और 8:30 बजे गंगोत्री धाम पहुंची। डोली यात्रा का स्वागत आर्मी के पाइप बैंड, ढोल-दमाऊं और रणसिंघे की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने किया। इसके बाद मंदिर परिसर में गंगा पूजन, गंगा लहरी, गंगा सहस्त्रनाम और श्रीसूक्त पाठ के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए गए। अभिजीत मुहूर्त में सुबह 10:30 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।

कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं का तांता मंदिर में लग गया। गंगा मैया की अखंड ज्योति के दर्शन करने के लिए देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। गंगा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। शाम तक गंगोत्री धाम में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

यह भी पढ़ें 👉  नैलपड ग्रामसभा के ग्रामीणों का भनोली तहसील में धरना-प्रदर्शन

दूसरी ओर, यमुनोत्री धाम की यात्रा भी श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में शुरू हुई। सुबह 8:38 बजे मां यमुना की डोली शीतकालीन प्रवास खुशीमठ से शनिदेव की डोली के साथ रवाना हुई और लगभग 10:30 बजे यमुनोत्री धाम पहुंची। शुभ योग और रोहिणी नक्षत्र में हवन, पूजा और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 11:55 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। यहां भी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। यमुनोत्री धाम में पहले ही दिन करीब 14 हजार श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन किए।

इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा और मां यमुना के दर्शन किए। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और चारधाम यात्रा के निर्विघ्न संचालन की कामना की।

यह भी पढ़ें 👉  ताइवान में 7.4 तीव्रता का जोरदार भूकंप, झुकी बिल्डिंग का वीडियो वायरल

इधर, रुद्रप्रयाग जिले में भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली फाटा से रवाना होकर बुधवार सांय गौरीकुंड पहुंची। बम-बम भोले और जय बाबा केदार के जयघोषों के बीच भक्तिमय माहौल में डोली का भव्य स्वागत किया गया। सेना की 6 ग्रेनेडियर रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों के बीच डोली यात्रा आगे बढ़ी और मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।

गंगोत्री धाम पर आयोजित कपाटोद्घाटन समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, संघ के प्रांत प्रमुख डॉ. हरीश और मुख्य यजमान डॉ. कमल घनशाला भी मौजूद रहे। इस मौके पर तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में चारधाम यात्रा का शुभारंभ उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ हुआ।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement