Connect with us

नई दिल्ली

नैनीताल में तनाव: किशोरी से दुष्कर्म के बाद तोड़फोड़ और पथराव, आरोपी हिरासत में

Published

on

खबर शेयर करें 👉

नैनीताल। मल्लीताल क्षेत्र में बुधवार रात एक 12 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद नैनीताल में तनाव व्याप्त हो गया। इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने देर रात कई स्थानों पर तोड़फोड़ की और मल्लीताल क्षेत्र स्थित एक मस्जिद पर पथराव किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने आरोपी उस्मान को हिरासत में ले लिया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तनाव को देखते हुए मल्लीताल और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात समुदाय विशेष के एक व्यक्ति पर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप लगा। जैसे ही यह खबर फैली, बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी कोतवाली पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान, उग्र भीड़ ने कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की और लोगों के साथ मारपीट भी की। इसके बाद, मल्लीताल क्षेत्र की मस्जिद पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव किया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई। हालांकि, इससे भी आक्रोशित लोग और कई संगठन देर रात कोतवाली पहुंचकर हंगामा करने लगे।
नैनीताल में अचानक हुए इस बवाल का अंदाजा पुलिस को भी नहीं था। कोतवाली से कुछ ही दूरी पर घंटों तक हंगामा चलता रहा। कोतवाली के पास धरने पर बैठे संगठनों ने आज (गुरुवार) शहर में बाजार बंद रखने का आह्वान किया है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद, देर रात करीब 1:05 बजे कोतवाली के बाहर जमा हुई ज्यादातर भीड़ अपने घरों को लौट गई, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
सूत्रों के अनुसार, विवाद रात 9 से 10 बजे के बीच बढ़ना शुरू हुआ। दुकानें बंद कराने के बाद दर्जनों की संख्या में लोगों ने कोतवाली के पास से जुलूस निकाला और दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हंगामे को देखते हुए मल्लीताल के आसपास और डीएसए मैदान में घूम रहे पर्यटक अपने होटलों और होम स्टे की ओर भागने लगे। नाराज प्रदर्शनकारी आरोपी के चीनाखान स्थित घर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
गौरतलब है कि इन दिनों शहर में समुदाय विशेष से जुड़े पर्यटक बड़ी संख्या में घूमने आए हुए हैं। तनाव के बाद मल्लीताल कोतवाली, गाड़ी पड़ाव और मस्जिद क्षेत्र में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के अलावा कोई नजर नहीं आ रहा था। स्थानीय लोगों का कहना था कि उन्होंने शहर में पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं देखी थी। पुलिस प्रशासन स्थिति को सामान्य करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement