Report by : CWN Desk
Published at :
मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून के अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण, जनता की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र अंतर्गत अतिवृष्टि से प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किरसाली चौक, आईटी पार्क, ननूरखेड़ा, आमवाला, तपोवन और शांति विहार का दौरा कर स्थानीय निवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं जमीनी स्तर पर सुनीं।

मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून के अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण, जनता की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता


मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की किसी भी स्थिति में राज्य सरकार जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता शीघ्र पहुंचाई जाए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों में ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करने और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने और लोगों को समय रहते सतर्क करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने स्थानीय पुलिस बल, नगर निगम, सिंचाई, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य समेत सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्यवाही होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आपदा के दौरान रिस्पॉन्स टाइम को न्यूनतम रखते हुए लोगों की जान-माल की रक्षा के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। मुख्यमंत्री धामी के इस निरीक्षण दौरे से स्पष्ट है कि सरकार जमीनी स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर गंभीर है और हर नागरिक तक मदद पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›