नई दिल्ली
CIA का बड़ा खुलासा: महीनों से ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की हो रही थी निगरानी
अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA कई महीनों से ईरान के शीर्ष नेताओं और अली खामेनेई की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी इंटेलिजेंस के आधार पर तय हुआ हमलों का समय।
वॉशिंगटन/तेहरान: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ा खुलासा हुआ है। अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA (सीआईए) कई महीनों से ईरान के शीर्ष नेताओं, विशेष रूप से सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए थी। एक गुप्त सूत्र के हवाले से खबर मिली है कि यह निगरानी अत्याधुनिक खुफिया तकनीकों और गुप्त ऑपरेशनों के जरिए की जा रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, सीआईए द्वारा जुटाई गई यह महत्वपूर्ण जानकारी इस्राइल के साथ भी साझा की गई थी। इसी इंटेलिजेंस के आधार पर हाल ही में हुए अमेरिका-इस्राइल के संयुक्त हमलों का समय (टायमिंग) तय किया गया। बताया जा रहा है कि रणनीतिक बढ़त हासिल करने के लिए इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर अंतिम समय में हमलों के समय में बदलाव भी किया गया था ताकि ईरानी नेतृत्व को संभलने का मौका न मिले।
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने भी अपनी रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की है कि हमलों से पहले ईरानी नेतृत्व की हर हरकत पर विशेष नजर रखी गई थी। हालांकि, अभी तक अमेरिकी या इस्राइली अधिकारियों ने इस ऑपरेशन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच संबंध बेहद नाजुक दौर से गुजर रहे हैं।
इस खुलासे के बाद पश्चिम एशिया की स्थिति और भी अधिक संवेदनशील होने की आशंका है। फिलहाल, ईरान की ओर से इस रिपोर्ट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन क्षेत्र में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की निगरानी भविष्य में बड़े सैन्य टकराव का आधार बन सकती है।
