Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में बादल फटा, 10 की मौत, कई लापता, तबाही मचाने पर उतरी बारिश

देहरादून। देहरादून में मंगलवार को बादल फटने की भयावह घटना ने भारी तबाही मचा दी। अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। तेज बारिश और अचानक बढ़े जलस्तर से आसन नदी उफान पर आ गई और आसपास के इलाकों में जलभराव हो गया। हालात इतने बिगड़े कि ठाकुरपुर क्षेत्र में लोग अपनी जान बचाने के लिए बिजली के खंभों और ऊंची जगहों पर चढ़कर शरण लेने को मजबूर हो गए।
स्थिति को संभालने के लिए एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन टीमों ने राहत व बचाव कार्य शुरू किया। कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
इधर, मसूरी-देहरादून मार्ग भूस्खलन और जलभराव के कारण बंद हो गया, जिससे कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए। पुलिस लगातार अनाउंसमेंट कर यात्रियों से इस मार्ग पर न जाने की अपील कर रही है। वहीं प्रेमनगर क्षेत्र में नंदा की चौकी पुल का एक हिस्सा ढह गया, जिससे प्रेमनगर से विकासनगर और सेलाकुई का संपर्क टूट गया।
भारी बारिश से लालतप्पड़ क्षेत्र में भी व्यापक नुकसान हुआ। थानों और भोगपुर की पहाड़ियों में तेज वर्षा से जाखन नदी में उफान आ गया। इस कारण बड़कोट और थानों वन रेंज से दर्जनों पेड़ बहकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़-जाखन पुल के नीचे फंस गए। परिणामस्वरूप नदी का पानी ओवरफ्लो होकर पुल के ऊपर से बहने लगा। इससे कई घरों में पानी और कीचड़ घुस गया तथा किसानों के खेत भी कीचड़ से पट गए।
लालतप्पड़ पुल के पास स्थित देवी मंदिर का परिसर भी कीचड़ से भर गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दोनों तरफ के यातायात को रोक दिया। प्रभावित क्षेत्रों में बचाव दल लगातार कार्यरत हैं और प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›