Report by : CWN Desk
Published at :
सीएम धामी ने कहा- नकल माफिया अब उत्तराखंड में सफल नहीं होगा, योग्यता के आधार पर होगी नियुक्ति

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पार्वती प्रेमा जगाती विद्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि नकल माफिया षडयंत्र रचकर नौजवानों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी दाल अब उत्तराखंड में गलने वाली नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके रहते किसी भी गरीब माता-पिता के बेटे-बेटियों या नौजवानों के साथ अन्याय नहीं किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच के तथ्यों के आधार पर छात्रों की आशाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप निर्णय लिए जाएंगे।
सीएम ने हाल ही में हुए यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण पर भी टिप्पणी की। उन्होंने बताया कि जांच में एक सेंटर और एक व्यक्ति पर आरोप लगे थे, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। किसी अन्य सेंटर पर इसका प्रभाव नहीं पड़ा है। मामले की जांच एसआईटी द्वारा सेवानिवृत्त जज की अगुवाई में जारी है। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि किसी के पास इस मामले में साक्ष्य हैं, तो वे इसे एसआईटी को उपलब्ध कराएं, ताकि नकल माफिया भविष्य में इसका प्रयास करने से पहले सोचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभा, योग्यता और क्षमतावान प्रतिभागियों का चयन भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। हर पात्र व्यक्ति को उसकी योग्यतानुसार नियुक्ति दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार्यभार ग्रहण करने से लेकर वर्ष 2025 तक 25 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्त किया गया है। ये सभी परीक्षाएं बिना नकल और पूर्ण पारदर्शिता के संपन्न कराई गई हैं।
सीएम ने आगे कहा कि सभी अभ्यर्थियों को न्यायपूर्ण अवसर देने के लिए नियुक्तियों और परीक्षाओं का एक स्पष्ट कैलेंडर तैयार किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार युवाओं की प्रतिभा और भविष्य के प्रति गंभीर है और किसी भी अनुचित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने सरकार की नियुक्ति और शिक्षा नीतियों में पारदर्शिता को दोहराया।
सत्र में मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में योग्य और मेहनती प्रतिभाओं को हमेशा प्राथमिकता दी जाएगी और किसी प्रकार की भ्रष्ट या अवैध गतिविधियों को कतई बढ़ावा नहीं मिलेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›