उत्तराखण्ड

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का उत्तराखंड का पहला दौरा आज

देहरादून। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के रविवार को होने वाले दौरे से पहले पार्टी के प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने एकजुटता का संदेश दिया। साथ ही संयुक्त पत्रकारवार्ता में दावा किया कि देवभूमि उत्तराखंड से खरगे का चुनावी शंखनाद न्याय की आस जगाएगा।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने संयुक्त रूप से पत्रकारों से बातचीत की।
इस अवसर पर एआईसीसी से नियुक्त की गईं मीडिया प्रभारी डॉ चयनिका उनियाल एवं पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा भी उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष करन महारा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के शंखनाद के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तराखंड को चुना है। उनकी आवाज हर वंचित, शोषित, गरीब की आवाज है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि आज भाजपा की प्रचंड बहुमत और डबल इंजन की सरकार पूरी तरह से विफल हो गई है। भाजपा का वर्ष 2014 और फिर वर्ष 2019 में कोई एजेंडा नहीं है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी यही स्थिति है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता पर राज्य सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले विधेयक का अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद ही इस मामले में आगे की रणनीति तय की जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा की खरगे न सिर्फ कांग्रेस के अध्यक्ष हैं बल्कि आईएनडीआई गठबंधन के भी अध्यक्ष हैं उनका यहां आने से कांग्रेस की न्याय की लड़ाई को मजबूती मिलेगी।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस आमजन से जुड़े विषयों को मुखरता से उठाते हुए केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों के विरुद्ध संघर्ष जारी रखेगी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा राज में प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है।
सुप्रीम कोर्ट को उद्यान घोटाले की सीबीआइ जांच के निर्देश देने पड़े। पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि युवा, महिला, किसान, श्रमिकों के न्याय की लड़ाई को खरगे के दौरे से मजबूती मिलेगी।
सभी वक्ताओं ने खरगे के कार्यक्रम के लिए परेड मैदान मिलने में अड़ंगे पर तीखी नाराजगी व्यक्त की। साथ में प्रदेश में महिला उत्पीडन के विरुद्ध संघर्ष तेज करने की बात कही।
बता दें कि कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद संभालने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे का यह पहला उत्तराखंड दौरा होगा और खरगे दोपहर 12.30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वह चौपर से रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से वह समीप स्थित बन्नू स्कूल के मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
खरगे के लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकने से ठीक पहले पार्टी ने देहरादून में स्क्रीनिंग कमेटी और फिर मेनीफेस्टो कमेटी की बैठकें भी बुलाईं। इन बैठकों के केंद्र में खरगे के कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति रही। साथ ही पार्टी को चुनाव की तैयारी के लिए चाक-चौबंद रहने का संदेश भी दिया गया।

Most Popular

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Select Language

© 2025, CWN (City Web News)
Get latest Uttarakhand News updates

To Top
English हिन्दी