उत्तराखण्ड
सुरक्षा के अभाव में स्थगित हुई सहकारी निरीक्षक व सहायक विकास अधिकारी परीक्षा
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने आगामी पांच अक्तूबर को प्रस्तावित सहकारी निरीक्षक वर्ग-टू एवं सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) परीक्षा को स्थगित कर दिया है। आयोग ने सुरक्षा इंतजाम पूरे न होने को इसकी मुख्य वजह बताया है।
आयोग सचिव डॉ. शिव बरनवाल ने जानकारी दी कि अभ्यर्थियों के फीडबैक और मौजूदा हालात की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया। उनका कहना है कि हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध नहीं किए जा सके। ऐसे में परीक्षा को आगे बढ़ाना ही उचित समझा गया।
सचिव ने बताया कि कई अभ्यर्थियों ने भी आयोग से परीक्षा स्थगित करने का अनुरोध किया था। अभ्यर्थियों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए आयोग ने परीक्षा टालने का फैसला लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की नई तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी और अभ्यर्थियों को इसकी आधिकारिक सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।
इस बीच, मुख्यमंत्री ने भी कहा है कि भर्ती परीक्षाओं की पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए विशेष समितियां बनाई जाएंगी जो परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।
परीक्षा स्थगित होने से हजारों अभ्यर्थियों की तैयारी पर असर पड़ा है, लेकिन वे उम्मीद कर रहे हैं कि नई तिथि जल्द घोषित होगी और बेहतर सुरक्षा प्रबंधों के बीच परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।
