Report by : CWN Desk
Published at :
गैस सिलेंडर ब्लास्ट से दंपति और तीन बच्चे झुलसे, फॉरेंसिक जांच शुरू

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में रविवार सुबह महंत इंद्रेश अस्पताल के पीछे एक कमरे में गैस सिलेंडर लीकेज के कारण हुए धमाके से एक ही परिवार के पांच सदस्य झुलस गए। हादसा सुबह 6:45 बजे हुआ जब कमरे में भरी गैस में बिजली के स्विच से निकली चिंगारी के चलते विस्फोट हो गया। घायलों में दंपति विजय साहू और उनकी पत्नी सहित उनके तीन बच्चे शामिल हैं, जिनका इलाज दून अस्पताल में चल रहा है। बताया गया कि परिवार एक छोटे से कमरे में रहता है और रातभर गैस सिलेंडर से धीरे-धीरे गैस रिसती रही, जो सुबह स्पार्किंग के चलते धमाके का कारण बनी।

धमाके से कमरे की दीवार और दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बम स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कमरे में एक पांच लीटर और एक सामान्य घरेलू सिलेंडर पाया गया, जिसमें से लीकेज होने की आशंका है। पांच लीटर सिलेंडर में अनाधिकृत रूप से गैस भरने की संभावना जताई जा रही है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। विधायक विनोद चमोली ने दून अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›