Report by : CWN Desk
Published at :
प्री परीक्षा में 25 और मेंस परीक्षा में 40 फीसदी उत्तराखंड से जुड़ा हो सकता है पाठ्यक्रम

उत्तराखंड में पीसीएस परीक्षा का पाठ्यक्रम यूपीएससी की तर्ज पर कराने की कार्मिक विभाग की सैद्धांतिक सहमति

देहरादून। उत्तराखंड में पीसीएस परीक्षा का पाठ्यक्रम संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तर्ज पर हो सकता है। कार्मिक विभाग ने इसे लेकर सैद्धांतिक सहमति दे दी है।
लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने पिछले माह कार्मिक विभाग को पीसीएस परीक्षा का सिलेबस संघ लोक आयोग की आईएएस परीक्षा की भांति करने का प्रस्ताव भेजा था। आयोग का तर्क था कि परीक्षा सिलेबस में बदलाव से उत्तराखंड के अभ्यर्थियों को दोहरा लाभ होगा। अभी उन्हें पीसीएस और आईएएस की परीक्षाओं की तैयारी के लिए अलग-अलग तरह का सिलेबस पढ़ना पड़ता है। एक तरह सिलेबस होने से जहां उत्तराखंड के युवाओं को पढ़ाई में आसानी होगी वहीं, उनके अखिल भारतीय सेवा संवर्ग में चयन के मौके बढ़ जाएंगे।
प्रस्ताव को लेकर सोमवार को सचिवालय में सचिव कार्मिक शैलेश बगोली की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें यूपीएससी की तर्ज पर सिलेबस बनाने को लेकर सैद्धांतिक सहमति दे दी गई। हालांकि इस मामले में अंतिम फैसला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लेंगे। सिलेबस में बदलाव के साथ ही निर्णय लिया गया कि प्री परीक्षा में 25 प्रतिशत और मेंस परीक्षा में 40 फीसदी सामग्री उत्तराखंड से जुड़ी होनी चाहिए। बैठक में आयोग के सचिव गिरधारी रावत और अन्य अफसर मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›